बजट बहस का वित्त मंत्री दीया कुमारी ने दिया जवाब, की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

जयपुर 18 फरवरी 2026

बजट बहस का वित्त मंत्री दीया कुमारी ने दिया जवाब, की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

 

जयपुर… विधानसभा में बजट पर हुई बहस का मंगलवार काे उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दीया कुमारी ने जवाब दिया। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, राज्य कर्मचारियों के बीमा और किसानों से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी दो वर्ष की प्रशिक्षण अवधि के दौरान केंद्र या राज्य की किसी अन्य नौकरी में चयनित होकर वर्तमान पद छोड़ता है, तो उससे वेतन और भत्तों की वसूली नहीं की जाएगी। अब तक प्रशिक्षण अवधि में पद छोड़ने पर प्राप्त वेतन-भत्ते वापस जमा कराने का प्रावधान था। नई व्यवस्था से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
दूसरी घोषणा के तहत राज्य कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की तिथि तक स्टेट इंश्योरेंस का लाभ मिलेगा। पूर्व व्यवस्था में सेवानिवृत्ति वर्ष की 1 अप्रैल को बीमा पॉलिसी परिपक्व मानी जाती थी। अब कर्मचारियों को रिटायरमेंट तक बीमा सुरक्षा सुनिश्चित होगी। तीसरी घोषणा किसानों के लिए की गई। सरकार किसानों को खेत तक पहुंच मार्ग के लिए 20 फीट तक सरकारी जमीन की पट्टी आवंटित करेगी। इसके लिए किसानों को डीएलसी दर की दोगुनी राशि का भुगतान करना होगा। इससे किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

दीया कुमारी ने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राज्य सरकार राजस्व आय बढ़ाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय राजकोषीय घाटा जीएसडीपी का 4.4 प्रतिशत था, जबकि वर्तमान सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए इसे 3.87 प्रतिशत और 2026-27 के लिए 3.69 प्रतिशत रखने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उन्हाेंने घाेषणा करते हुए कहा कि सरकार ने 690 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों के निर्माण, 150 करोड़ रुपये से पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने तथा 220 करोड़ रुपये के पेयजल कार्यों की घोषणा की। नए जीएसएस का निर्माण किया जाएगा। कोटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पास नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। एमएसएमई के नए आवेदन अब जिला उद्योग केंद्र में प्रोसेस होंगे। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, कोटा में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे और केंद्र के सहयोग से इसे एआई हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। मेडिकल कॉलेज कोटा में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू की जाएगी तथा अस्पतालों में 25 करोड़ रुपये के कार्य होंगे। 75 हजार स्कूली बच्चों की नेत्र जांच कर चश्मे वितरित किए जाएंगे। एक लाख महिलाओं को सेल्फ डिफेंस और काउंसलिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंबेडकर एवं ओबीसी छात्रावासों में सीटें बढ़ाई जाएंगी। रामगढ़ विषधारी अभयारण्य में सफारी सुविधाओं पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नए पशु चिकित्सालय और सब सेंटर खोले जाएंगे। बीकानेर के लूणकरणसर में मिनी सचिवालय तथा लूणी में नया पुलिस थाना खोला जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सबको साथ लेकर चलने के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और तथ्यात्मक आलोचना का स्वागत करती है। उन्होंने यह भी कहा कि कृषि बजट पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में 34 प्रतिशत अधिक है।उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री दीया कुमारी ने 11 फरवरी को राज्य का लगातार तीसरा पूर्ण बजट प्रस्तुत किया था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लिए कई प्रावधान और घोषणाएं की गई थीं…!!

जयपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!