चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
सीएसईबी फुटबॉल मैदान में 28 फरवरी को होगा ‘कृषक उन्नति योजना’ अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह
कोरबा//जिला प्रशासन कोरबा (छत्तीसगढ़) द्वारा 28 फरवरी, शनिवार को प्रातः 11 बजे सीएसईबी फुटबॉल मैदान में ‘कृषक उन्नति योजना’ अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिले के किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में कृषकों को लाभान्वित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथियों में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, कृषि स्थायी समिति की सभापति सुष्मिता कमलेश अनंत, जनपद पंचायत अध्यक्ष बीजमती राठिया, पार्षद नरेन्द्र देवांगन तथा लक्ष्मण श्रीवास शामिल रहेंगे।जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में किसानों को आदान सहायता राशि का वितरण किया जाएगा, जिससे खेती-किसानी को मजबूती मिलेगी और उत्पादन बढ़ाने में सहूलियत होगी। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। किसानों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का वातावरण है और अधिक से अधिक कृषकों से सहभागिता की अपील की गई है।