पाटन: भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से त्रस्त दूधखा गांव के ग्रामीण, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
समी,पाटन (गुजरात)
रिपोर्टર दिनेश बी. जाखेसरा (R9 BHARAT TV)
पाटन:गुजरात के पाटन जिले के समी तालुका स्थित *दूधखा गांव* में पिछले काफी समय से जारी भारी बिजली कटौती ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में घंटों तक बिजली गुल रहने के कारण स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है।

खेती और पानी का संकट:
बिजली की अनियमितता के कारण न केवल घरेलू जीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि किसानों की खड़ी फसल भी बर्बादी की कगार पर है। सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली न मिलने से किसान परेशान हैं। इसके साथ ही, बिजली के अभाव में गांव की जल आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई है, जिससे पीने के पानी का विकट संकट खड़ा हो गया है।
*प्रशासनिक लापरवाही का आरोप:*
ग्रामीणों का आरोप है कि दूधखा गांव वर्तमान में *शंखेश्वर बिजली कार्यालय* के अंतर्गत आता है, जहां से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिलती। फॉल्ट होने पर न तो फोन रिसीव किया जाता है और न ही समय पर शिकायत दर्ज होती है। शंखेश्वर कार्यालय गांव से लगभग *30 किलोमीटर दूर* होने के कारण तकनीकी टीम को पहुंचने में काफी देरी होती है।
*ग्रामीणों की मुख्य मांग:*
दूधखा गांव के लोगों ने स्पष्ट मांग की है कि गांव को शंखेश्वर के बजाय *समी UGVCL कार्यालय* के अधिकार क्षेत्र में शामिल किया जाए। इससे न केवल दूरी कम होगी, बल्कि तकनीकी समस्याओं का समाधान भी त्वरित रूप से हो सकेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इस समस्या का स्थायी और तत्काल समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आने वाले समय में *गांधीवादी तरीके से उग्र आंदोलन* करेंगे।
—
*रिपोर्ट:* दिनेश बी. जाखेसरा
*R9 भारत टीवी, पाटन*