चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
सुपातराई में श्रीमद् भागवत कथा के छठवें दिन रुक्मिणी विवाह की कथा, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर, विधायक फूल सिंह राठिया हुए शामिल

करतला//ग्राम पंचायत सुपातराई में 3 अप्रैल से 11 अप्रैल तक आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। कथा के छठवें दिन रुक्मिणी विवाह सहित विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा व्यास दीदी सविता गोस्वामी जी ने अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने वामन अवतार का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि भगवान वामन ने राजा बलि से तीन पग भूमि मांगकर अपने विराट स्वरूप से संपूर्ण ब्रह्मांड को नाप लिया। इसके साथ ही रुक्मिणी विवाह की कथा का अत्यंत मार्मिक और भावपूर्ण वर्णन किया, जिसने श्रोताओं को भक्ति में सराबोर कर दिया।
कथा के दौरान दीदी सविता गोस्वामी जी ने श्रद्धालुओं को ज्ञान, भक्ति और वैराग्य का संदेश देते हुए जीवन में धर्म के महत्व को बताया। कथा श्रवण के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में भक्त प्रतिदिन पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक फूल सिंह राठिया भी शामिल हुए। उन्होंने कथा स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की और कथा का श्रवण कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उनकी उपस्थिति से आयोजन में और भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यह आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसाद की व्यवस्था ग्राम पंचायत सुपातराई द्वारा की गई है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती देवी बाई राजवाड़े (सदस्य, जनपद पंचायत करतला), ज्ञान सिंह कंवर (सरपंच, ग्राम पंचायत सुपातराई), हुलास बाई गोस्वामी (उप सरपंच) सहित समस्त ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा।
कथा के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्ममय वातावरण का आनंद ले रहे हैं और भक्ति रस में डूबे नजर आ रहे हैं।