सलेमपुर में बिजली व्यवस्था को मिली मजबूती, 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित
सलेमपुर, देवरिया।
नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। वार्ड नंबर 6 के सभासद अशोक गुप्ता के अथक प्रयास से 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर बढ़ते लोड को कम करने के लिए 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया जा रहा है।

यह नया ट्रांसफार्मर वार्ड नंबर 04, 10 एवं 13 के उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराएगा। जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर डॉक्टर चन्दन गुप्ता के आवास के सामने लगाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रांसफार्मर फाल्ट की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
सभासद अशोक गुप्ता ने बताया कि इससे पूर्व स्टेशन रोड स्थित ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड के कारण लगातार फाल्ट की समस्या बनी रहती थी, जिसे दूर करने के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कराया गया। इसके अलावा, भरौली क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की क्षमता 100 केवीए से बढ़ाकर 250 केवीए की गई है, जिससे वहां के उपभोक्ताओं को भी राहत मिली है।
उन्होंने आगे बताया कि आरबी राव ट्रांसफार्मर पर लोड कम करने के उद्देश्य से एक अतिरिक्त 100 केवीए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था भी की गई है। इस कार्य के लिए उन्होंने जेई उमेश चंद, एसडीओ एवं अधिशासी अभियंता (EXN) का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह संभव हो पाया।
सभासद ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस पहल पर स्थानीय लोगों—अरविंद जायसवाल, अतुल श्रीवास्तव, डॉ. चन्दन गुप्ता, पंकज वर्मा, अभिषेक वर्मा, लल्लन वर्मा, मनीष वर्मा, राजू बरनवाल, चंचल बरनवाल, पंकज गुप्ता, प्रवीण पांडे एवं लव वर्मा—ने सभासद का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा।
संदीप कुमार की रिपोर्ट