चंबल लिफ्ट परियोजना में बड़ा खेल?
अधिकृत भूमि छोड़ दूसरी जगह बन रही डिग्गी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

धौलपुर जिले की बहुचर्चित चंबल लिफ्ट परियोजना एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। भैंसेना का पूरा गांव में डिग्गी निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस खसरा नंबर 996/117 की भूमि सिंचाई विभाग के नाम दर्ज बताई जा रही है, वहां निर्माण न कराकर ठेकेदार एवं सहायक अभियंता सिंचाई विभाग की मिलीभगत से डिग्गी का निर्माण खसरा नंबर 997/117 में कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की शिकायत उपखंड अधिकारी से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राज्य सरकार द्वारा अधिकृत भूमि को छोड़कर किसी अन्य स्थान पर निर्माण किया जा रहा है तो यह न केवल नियमों के खिलाफ है बल्कि सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का भी गंभीर मामला है।
सूत्रों के अनुसार संबंधित नक्शे एवं भू-अभिलेखों में डिग्गी हेतु प्रस्तावित स्थान अलग दर्शाया गया है। इसके बावजूद मौके पर अलग खसरे में निर्माण कार्य होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बड़ा सवाल
क्या सरकारी स्वीकृति के विपरीत निर्माण कराया जा सकता है?
क्या विभागीय अधिकारी ठेकेदार को लाभ पहुंचाने में जुटे हैं?
क्या बिना उच्चस्तरीय संरक्षण के यह संभव है?
आखिर अधिकृत भूमि छोड़ दूसरी जगह निर्माण क्यों?
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं अब पूरे मामले में सिंचाई विभाग के अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव धौलपुर