बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल कि रिपोर्ट
उपायुक्त के निर्देश पर अवैध बालू के खिलाफ फिर बड़ी कार्रवाई, बरमसिया में 1 ट्रैक्टर जब्त
बोकारो जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त बोकारो के निर्देशानुसार शुक्रवार देर रात्रि बरमसिया ओपी क्षेत्र में चलाए गए छापामारी अभियान में अवैध रूप से बालू का प्रेषण करते हुए 01 ट्रैक्टर को पकड़ा गया। ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर बरमसिया ओपी को सुपुर्द कर दिया गया है। 13 नवंबर 2026 शुक्रवार को देर रात्रि बोकारो जिला के बरमसिया ओपी अंतर्गत छापामारी अभियान चलाया गया। यह अभियान उपायुक्त बोकारो के निर्देश पर अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाया गया था।जानकारी के अनुसार बाँसतोड़ा के समीप मुख्य पथ पर खनन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी की। इसी दौरान मुख्य पथ से होकर अवैध रूप से बालू खनिज का प्रेषण करते हुए 01 ट्रैक्टर को पकड़ा गया।जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी वैध कागजात,चालान या परमिट नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरमसिया ओपी थाना को सुपुर्द कर दिया।उक्त अभियान में खान निरीक्षक श्री अजय कुमार महतो, खान निरीक्षक श्री सीताराम टुडू एवं पुलिस बल मौजूद थे। अधिकारियों ने मौके पर ही जब्ती की प्रक्रिया पूरी की और आवश्यक कागजी कार्रवाई की।अधिकारियों ने बताया कि अवैध बालू का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
बताया जा रहा है कि बरमसिया और आसपास के क्षेत्रों में रात के अंधेरे में अवैध बालू का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा था। जिला प्रशासन को लगातार इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उपायुक्त बोकारो ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है।प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के छापामारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।