भीमगढ़ में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
151 फीट लंबा साफा पहनाकर भागवताचार्य का भव्य स्वागत
बाड़ी (धौलपुर)।

dh
धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड के ग्राम भीमगढ़ में इन दिनों सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान कर रहे हैं। भागवत कथा का वाचन वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध भागवताचार्य कुलदीप कृष्ण शास्त्री के मुखारविंद से किया जा रहा है, जिनकी मधुर वाणी और भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
कथा के दौरान सनातन धर्म के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के अवतार से लेकर उनके बाल्यकाल की लीलाओं, गोपियों के साथ रासलीला तथा अत्याचारी राजा कंस के वध तक की विभिन्न दिव्य कथाओं का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है। कथा सुनने के लिए आसपास के गांवों सहित नगर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन के आयोजक रामगोपाल शर्मा एवं आचार्य दिनेश शर्मा हैं, जिनके नेतृत्व में कार्यक्रम को भव्य रूप दिया गया है। कथा के शुभ अवसर पर व्यास गद्दी पर विराजमान भागवताचार्य कुलदीप कृष्ण शास्त्री का गांव एवं नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने उन्हें 151 फीट लंबा साफा पहनाकर सम्मानित किया, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।
धौलपुर से पहुंचे आचार्य दिनेश शर्मा ने भी भागवताचार्य का विशेष सम्मान करते हुए श्रद्धालुओं से धर्म और संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। पूरे आयोजन स्थल को सुंदर सजावट से सजाया गया है और भक्तिमय वातावरण में भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है और युवाओं को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। कथा का समापन आगामी दिनों में विशाल भंडारे एवं पूजन के साथ किया जाएगा। ब्यूरो चीफ मनोज राघव धौलपुर