नायब तहसीलदार के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, स्थानांतरण की मांग तेज
सलेमपुर, देवरिया। तहसील बार एसोसिएशन सलेमपुर के तत्वावधान में सोमवार को अधिवक्ताओं ने नायब तहसीलदार गोपाल जी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनके स्थानांतरण की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार का व्यवहार लंबे समय से अधिवक्ता विरोधी एवं जनविरोधी रहा है, जिससे अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी व्याप्त है।

बार एसोसिएशन द्वारा जिलाधिकारी देवरिया को उपजिलाधिकारी सलेमपुर के माध्यम से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि गोपाल जी कई वर्षों से तहसील सलेमपुर में तैनात हैं तथा उनके कार्य व्यवहार को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। बार-बेंच की बैठकों में भी उनके कार्यशैली में सुधार की अपेक्षा की गई, लेकिन कोई सकारात्मक परिवर्तन नहीं हुआ।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि गत 4 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभु जी पाण्डेय के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे अधिवक्ता समाज आहत हुआ। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को तहसील बार एसोसिएशन की आम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नायब तहसीलदार के स्थानांतरण तक उनके न्यायालय का बहिष्कार किया जाएगा तथा अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना था कि जब तक नायब तहसीलदार का स्थानांतरण नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में रामेश्वर प्रसाद मिश्र, सत्य प्रकाश यादव, जावेद आलम, आदर्श कुमार, दिग्विजय पांडेय, देवेंद्र दुबे, प्रमोद तिवारी, बृजेश मिश्र, बैजनाथ पांडेय, सुधांशु तिवारी, प्रमोद श्रीवास्तव, संजय गुप्ता, विवेक सिंह, सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
संदीप कुमार मद्धेशिया की रिपोर्ट