धौलपुर में भूमाफियाओं के हौसले बुलंद, अवैध कॉलोनी निर्माण का खेल जारी
धौलपुर शहर के बालाजी नगर, जेल रोड स्थित कांच मिल ग्लास फैक्ट्री के पास अवैध कॉलोनी निर्माण का कार्य तेजी से जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना आवश्यक स्वीकृतियों के भूखंडों की बिक्री की जा रही है और प्रशासनिक नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी के नक्शे में केवल 17, 20 और 25 फीट चौड़े रास्ते दर्शाए गए हैं, जबकि नियमानुसार कॉलोनी विकास के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जाना आवश्यक है। आरोप है कि संबंधित कॉलोनी न तो रेरा (RERA) में पंजीकृत है और न ही 90-बी की आवश्यक स्वीकृति प्राप्त है। इसके बावजूद प्लॉट खरीदने के इच्छुक लोगों से लाखों रुपये वसूल किए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भूमाफिया और कॉलोनाइजर आकर्षक वादे कर लोगों को प्लॉट बेच देते हैं, लेकिन बाद में खरीदारों को सड़क, बिजली, पानी, पट्टा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता है। कई मामलों में लोगों की जीवनभर की जमा पूंजी ऐसे अवैध प्रोजेक्ट्स में फंस जाती है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, नगर परिषद एवं संबंधित विभागों से मामले की जांच कर अवैध निर्माण और भूखंड बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही दोषी कॉलोनाइजरों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा आम जनता को ऐसे अवैध प्रोजेक्ट्स से सावधान करने की अपील की है।
यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो भविष्य में बड़ी संख्या में लोग आर्थिक और कानूनी समस्याओं का सामना कर सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कॉलोनाइजरों और निगरानी करने वाले विभागों की होगी।