चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
ग्रामीणों का आरोप: “भैसमा फीडर के जेई बेपरवाह”, घंटों से फॉल्ट नहीं ढूंढ पाया विभाग
कोरबा//ग्राम तिलकेजा में रविवार सुबह करीब 4 बजे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। कई घंटे बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं होने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। भीषण उमस और गर्मी के बीच लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं, जबकि बिजली पर निर्भर पेयजल व्यवस्था और दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह से लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद बिजली विभाग अब तक फॉल्ट का पता नहीं लगा पाया है। लोगों का कहना है कि एक छोटे से फॉल्ट को ढूंढने में विभाग को कई घंटे लग जाना उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी उनकी परेशानी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि बरसात के मौसम में भी बिजली व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है। उनका कहना है कि आए दिन घंटों बिजली गुल रहने से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस पहल दिखाई नहीं देती।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और बार-बार होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर तिलकेजा की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।