राजाखेड़ा–बरसला सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, सोमवार तक सुधार नहीं हुआ तो एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन – शिवा गुर्जर

राजाखेड़ा। राजाखेड़ा से बरसला सड़क मार्ग (वाया बसई घीयाराम, गढ़ी जाफर एवं दगरा) की जर्जर स्थिति से क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आमजन में भारी रोष व्याप्त है। सड़क मार्ग जगह-जगह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है तथा कई स्थानों पर बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें आए दिन राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य वाहन चालक आवागमन करते हैं। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
सबसे गंभीर स्थिति बसई घीयाराम मुख्य गांव में है, जहां पिछले लगभग दो वर्षों से मुख्य सड़क पर लगातार पानी भरा रहता है। इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पैदल चलने वालों के कपड़े खराब हो जाते हैं, वहीं दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक कई बार दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।
इसके अलावा अंधियारी के बीहड़ क्षेत्र में सड़क पर बने गहरे गड्ढे बरसात के कारण पूरी तरह पानी से भर जाते हैं, जिससे सड़क का अस्तित्व तक दिखाई नहीं देता। सड़क के दोनों ओर गहरी खाइयां होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। यदि कोई वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाए तो गंभीर जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
शिवा गुर्जर ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जनहित एवं सुरक्षा को देखते हुए इस सड़क मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक सड़क की मरम्मत अथवा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो इस मार्ग से जुड़े ग्रामीण, स्कूल के छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं विद्यालय स्टाफ एकजुट होकर मुख्यमंत्री महोदय के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीएम) राजाखेड़ा को ज्ञापन सौंपेंगे और शीघ्र समाधान की मांग करेंगे। ब्यूरो चीफ धौलपुर