बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
बीएसएल में निजी सुरक्षा गार्डों की बहाली के विरोध में उतरे होमगार्ड जवान, डीसी को सौंपा ज्ञापन
पहले से तैनात जवानों को हटाने की कथित तैयारी पर जताई नाराजगी, निजी सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पर रोक लगाने की मांग
बोकारो के बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में निजी सुरक्षा गार्डों की बहाली और पहले से तैनात होमगार्ड जवानों को हटाने की कथित तैयारी के विरोध में जवानों का आक्रोश सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों ने बोकारो उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। साथ ही उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर निजी सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पर तत्काल रोक लगाने और वर्षों से कार्यरत होमगार्ड जवानों को ड्यूटी से नहीं हटाने की मांग की।इस दौरान होमगार्ड जवान रुपांजलि ने बताया कि वे लंबे समय से बीएसएल में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रही हैं। धरना-प्रदर्शन और विषम परिस्थितियों में भी जवानों ने अपनी ड्यूटी निभाई है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि कर्तव्य पालन के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनका एक पैर काटना पड़ा। इसके बावजूद कृत्रिम पैर के सहारे वह आज भी बीएसएल में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं।वहीं, महिला होमगार्ड जवान गायत्री देवी ने बताया कि वह वर्ष 1990-91 से बीएसएल में तैनात हैं। वर्ष 1996-97 के आंदोलनों के दौरान भी उन्होंने कठिन परिस्थितियों में टेंट लगाकर ड्यूटी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसएल में 600 होमगार्ड जवानों के नाम पर करीब 400 जवानों से ही काम लिया जा रहा है, जबकि शेष 200 जवानों का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है।एक अन्य होमगार्ड जवान ने कहा कि वर्ष 1984 से गृह रक्षक बीएसएल की सुरक्षा व्यवस्था संभालते आ रहे हैं। वर्ष 2010 में भी उन्हें हटाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नए अधिकारी निजी एजेंसियों को बढ़ावा देकर निजी सुरक्षा कर्मियों की बहाली करना चाहते हैं। इससे वर्षों से सेवा दे रहे होमगार्ड जवानों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है।
होमगार्ड जवानों ने प्रबंधन से मांग की कि उनके लंबे सेवा अनुभव और योगदान को देखते हुए उन्हें कार्य से हटाने का निर्णय वापस लिया जाए। साथ ही उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर जवानों के हितों की रक्षा करने की अपील की।