सेक्टर-12 के आवास में बड़ी चोरी, 17 लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

सेक्टर-12 के आवास में बड़ी चोरी, 17 लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

शादी समारोह में राजगंज गया था पूरा परिवार, घर का ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम

 

एंकर । बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सेक्टर-12सी स्थित आवास संख्या 3073 में चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना बीती रात की बताई जा रही है। वारदात के समय घर के सभी सदस्य धनबाद जिले के राजगंज में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।जानकारी के अनुसार, आवास में राजेंद्र दास अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सीसीएस विभाग में कार्यरत हैं। परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने राजगंज गए हुए थे। इसी दौरान घर को खाली पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी काटी और अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण, जिनमें कंगन, अंगूठी, मांगटीका सहित कई कीमती गहने शामिल हैं, तथा लगभग तीन लाख रुपये के चांदी के जेवरात और बर्तन लेकर फरार हो गए। इसके अलावा घर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए।
गृहस्वामिनी आरती कुमारी ने बताया कि वह अपनी मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने परिवार के साथ राजगंज गई थीं। वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल सेक्टर-12 थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस ने गृहस्वामी को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!