बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
पांच साल बाद भी विस्थापितों को रोजगार नहीं, पेप योजना लागू कराने की मांग।

सीसीएल प्रभावित विस्थापित बेरोजगार समिति के प्रतिनिधिमंडल ने 25 नवंबर 2026 बुधवार को श्रमिक नेता निजाम अंसारी के नेतृत्व में बोकारो जिला के कथारा महाप्रबंधक राजीव सिंह से महाप्रबंधक सभागार में मुलाकात की। इस दौरान विस्थापितों को रोजगार एवं कौशल विकास के लिए सीसीएल बोर्ड की 542वीं बैठक में स्वीकृत पेप की ऑपरेटिव योजना को धरातल पर लागू करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में महाप्रबंधक को दो पत्र सौंपकर विस्थापितों की समस्याओं से अवगत कराया।
पत्र में कहा गया है कि योजना के तहत प्रभावित विस्थापितों को सिविल, ईएंडएम और ट्रांसपोर्टिंग कार्यों में रोजगार एवं कौशल विकास का अवसर देने की व्यवस्था की गई है। बोर्ड द्वारा विस्थापितों को एक करोड़ रुपये तक के कार्य देने की योजना बनाई गई है, लेकिन समिति के अनुसार अब तक इसका समुचित क्रियान्वयन नहीं हो पाया है। समिति ने पत्र में उल्लेख किया कि 28 जनवरी 2022 से अब तक लगभग पांच वर्ष बीतने के बावजूद कथारा क्षेत्र में ट्रांसपोर्टिंग से संबंधित कोई कार्य विस्थापितों को नहीं मिला है और न ही उनके लिए कोई अलग एस्टीमेट तैयार किया गया है। आरोप है कि ट्रांसपोर्टिंग आउटसोर्सिंग कंपनियों के बड़े-बड़े एस्टीमेट में छोटे कार्यों को भी शामिल कर दिया जाता है, जिससे विस्थापितों को काम मिलने में परेशानी होती है। समिति ने मांग की कि आउटसोर्सिंग कंपनियों में गाड़ी और मशीन चलाने का कार्य विस्थापितों को दिया जाए। बैठक में समिति की ओर से यूनियन प्रतिनिधि आलम रजा, सरफराज अंसारी, सजाद अंसारी, ऐनुल अंसारी सहित दर्जनों विस्थापित उपस्थित थे। वहीं प्रबंधन की ओर से एजीएम विनोद कुमार, एसओपी माधुरी मडके, एसओसी शशांक देव तथा ईएंडएम विभाग के कुणाल किशोर शामिल थे। बैठक में महाप्रबंधक राजीव सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर पहल करने की सहमति जताई। उन्होंने विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।