बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्णवाल कि रिपोर्ट
कोयला चोरों पर CISF का करारा प्रहार! ड्रोन सर्विलांस और श्वान दस्ते की मदद से अमलो में बड़ी छापेमारी, 80-84 टन अवैध कोयला जब्त

बोकारो जिला के बेरमो प्रखंड क्षेत्र में कोयला चोरों पर CISF ने करारा प्रहार किया है।25 नवंबर 2026, बुधवार को कोयला चोरी और अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमलो एरिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 से 84 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद कर जब्त किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, CISF CCL करगली के कमांडेंट को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि बेरमो थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमलो के समीप 05 नंबर पिपल धौड़ा बस्ती में कोयला चोरों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला एकत्रित कर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए CISF क्राइम ब्रांच ने पहले इसकी पुष्टि की।इसके बाद तत्काल संबंधित महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार सिंह को मामले से अवगत कराया गया तथा छापेमारी के लिए आवश्यक वाहनों और जेसीबी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कमांडेंट के निर्देश पर CISF की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से 05 नंबर पिपल धौड़ा बस्ती में छापेमारी की। इस दौरान मौके से लगभग 80-84 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद किया गया। जब्त कोयले को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए CCL प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।इस पूरे अभियान की सबसे खास बात रही आधुनिक ड्रोन सर्विलांस का प्रभावी इस्तेमाल। ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके की निगरानी की गई, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से जमा किए गए कोयले से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट प्राप्त हुए। इन्हीं इनपुट के आधार पर छापेमारी को सटीक और प्रभावी तरीके से अंजाम दिया गया।वहीं,CISF के प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्वान दस्ते की सहायता से संदिग्ध स्थानों की सघन जांच और तलाशी ली गई। आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित श्वान दस्ते और त्वरित कार्रवाई के बेहतर तालमेल ने इस अभियान को प्रभावी बनाया।इस छापेमारी अभियान में श्री गारा अभिलाष, उप कमांडेंट, श्री ए. श्रीधर, सहायक कमांडेंट, इंस्पेक्टर रवि रंजन, सब इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, CISF QRT टीम एवं अन्य जवान शामिल रहे।CISF ने स्पष्ट किया है कि कोयला चोरी और अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। CISF की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि कोयला चोरी और अवैध भंडारण के खिलाफ सुरक्षा बल अब केवल जमीन पर ही नहीं, बल्कि आसमान से भी पैनी नजर रख रहा है।