नवोदय विद्यालय के प्राचार्य पर नाबालिग छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप

पूर्व विधायक दीपाली दास के नेतृत्व में बीजू महिला जनता दल ने की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
झारसुगुड़ा से आर9 भारत। झारसुगुड़ा जिले के एच. कांटापाली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य क्षमासागर सा के खिलाफ एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले में आरोपी प्राचार्य की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को पूर्व विधायक दीपाली दास के नेतृत्व में झारसुगुड़ा जिला बीजू महिला जनता दल की ओर से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय में गत 23 नवंबर को यह घटना हुई थी। इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75 एवं 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, मामला दर्ज कर जांच शुरू किए जाने के बावजूद अब तक आरोपी प्राचार्य की गिरफ्तारी नहीं होने पर महिला जनता दल ने गहरी चिंता जताई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालय के प्राचार्य जैसे जिम्मेदार पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार का आरोप विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़िता और उसके परिवार पर दबाव बनाए जाने अथवा उन्हें धमकाए जाने की आशंका भी जताई गई है।
महिला संगठन ने पुलिस से मामले की जांच में तेजी लाने, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी करने, पीड़िता एवं उसके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने तथा विद्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है।
इस दौरान पूर्व विधायक दीपाली दास के साथ जिला बीजू महिला जनता दल की अध्यक्ष जयंती बाहुक, झारसुगुड़ा नगरपालिका अध्यक्ष रानी हाथी, अधिवक्ता नवनीत कौर, नगरपालिका क्षेत्र बीजू महिला जनता दल की अध्यक्ष ज्योति सुना, नीता रानी शाह, तपस्विनी लाकड़ा, बबी वर्मा, सुशीला सेठ, ममता छत्री एवं यशोदा सोनी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थीं। सभी ने पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और मामले में त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।