माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जनपद पंचायत करतला में SWM 2026 का प्रशिक्षण आयोजित

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जनपद पंचायत करतला में SWM 2026 का प्रशिक्षण आयोजित

करतला//माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत करतला में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित हुआ, जिसमें प्रथम पाली प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 1:30 बजे से आयोजित की गई।
प्रशिक्षण में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की जिला स्तरीय टीम से जिला सलाहकार श्री दीप कुमार एवं सुश्री नीलू पटेल
जिला बाल संरक्षण सहयोगी
एसोसियेशन फॉर वॉलंटरी एक्शन बाल संरक्षण , तथा ADEO, प्रभारी ब्लॉक समन्वयक SBM श्री आलोक गुप्ता द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान SWM 2026 के प्रावधानों, ग्राम पंचायत स्तर पर ठोस अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, संग्रहण, परिवहन एवं सुरक्षित निपटान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर
प्रशिक्षण के दौरान कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग करने पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम पंचायतों एवं घरों में चार प्रकार के कचरे के लिए अलग-अलग डिब्बे/बाल्टियों की व्यवस्था करने की जानकारी दी गई। इनमें—
गीला कचरा – रसोई एवं अन्य जैविक कचरा
सूखा कचरा – कागज, प्लास्टिक, कांच, धातु आदि
विशेष देखभाल कचरा– सैनिटरी पैड, डायपर आदि
ई कचरा– मोबाइल, बैटरी, सीएफएल सावधानी एवं सुरक्षित निपटान की आवश्यकता वाला कचरा
को अलग-अलग एकत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि कचरे का स्रोत पर पृथक्करण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके माध्यम से उपयोगी एवं पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग किया जा सकता है तथा गीले कचरे का उचित प्रसंस्करण एवं अन्य कचरे का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों से सरपंच, सचिव एवं स्वच्छता ग्राही महिलाएं भी प्रशिक्षण में शामिल हुईं। प्रशिक्षणार्थियों को ग्राम स्तर पर SWM 2026 की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने तथा ग्रामीणों में स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों में नियमित कचरा संग्रहण, चार प्रकार के कचरे का पृथक्करण, उचित परिवहन एवं वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों के मैदानी अमले से समन्वय स्थापित कर SWM 2026 के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने की आवश्यकता बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!