हनुमान मंदिर परिसर में हुआ पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हनुमान मंदिर परिसर में हुआ पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धौलपुर:पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को मेडिकल कॉलेज के सामने हनुमान मंदिर परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवियों, अधिवक्ताओं ने मिलकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन की गारंटी है।

 

कार्यक्रम में धौलपुर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट प्रशांत हुंडावाल ने कहा कि वृक्ष हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग हैं और प्राचीन काल से ही हम पीपल, बरगद और तुलसी की पूजा करते आए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के कारण धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसे नियंत्रित करने का एकमात्र उपाय बड़े स्तर पर पौधरोपण है। प्रशांत हुंडावाल ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, पानी देना और आवारा पशुओं से सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने युवाओं सेk अपील की कि वे जन्मदिन, विवाह और अन्य शुभ अवसरों पर केक काटने की बजाय एक पौधा जरूर लगाएं।

एडवोकेट प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़m और भू-स्खलन जैसी घटनाएं पर्यावरण असंतुलन के कारण बढ़ रही हैं। इसे रोकने के लिए हर नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरे-भरे पेड़-पौधे वातावरण को स्वच्छ और शुद्ध रखते हैं। शुद्ध हवा मिलने से अस्थमा, एलर्जी और अन्य सांस की बीमारियों में कमी आती है। इसलिए स्वस्थ जीवन के लिए हराभरा वातावरण बेहद आवश्यक है।

नरेश प्रजापति ने कहा कि प्रकृति का दोहन हमने इतना कर लिया है कि अब वह जवाब मांग रही है। यदि समय रहते पेड़ नहीं लगाए गए तो आने वाले समय में हमें जल संकट और जहरीली हवा जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पौधरोपण को स्कूल, कॉलेज और मोहल्ले स्तर पर जनअभियान बनाया जाए। हर गली-मोहल्ले में हरियाली हो तभी धौलपुर प्रदूषण मुक्त बन सकेगा।

वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष हमें फल, फूल, छाया और शुद्ध ऑक्सीजन देने के साथ-साथ अनेक औषधियां भी प्रदान करते हैं। आयुर्वेद की अधिकांश दवाएं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वनस्पतियों पर ही आधारित हैं। पेड़-पौधे धरती के अनमोल आभूषण हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। इसलिए हर व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी रक्षा का संकल्प भी लेना चाहिए।

इस अवसर पर एडवोकेट कृष्णकांत शर्मा, एडवोकेट विजय पाल, एडवोकेट हेमंत दुबे, एडवोकेट अजय गॉड, एडवोकेट धीरेंद्र कुशवाह, विजेंद्र, अरुण चौधरी, गणेश प्रजापति, देवेश सैन सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण बचाने की शपथ ली। ब्यूरो चीफ धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!