बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 5.835 टन अवैध कोयला जब्त
बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं पर सीआईएसएफ ने लगातार शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 13 सितंबर 2026 रविवार को सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ढोरी एरिया के अंतर्गत कारीपानी एरिया के पास फुटबॉल ग्राउंड के आसपास अवैध रूप से कोयला रखा हुआ है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने छापेमारी कर अलग-अलग जगहों से कुल 5.835 टन अवैध कोयला जब्त किया है।सीआईएसएफ छापामारी दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कारीपानी क्षेत्र से 1.73 टन अवैध कोयला जब्त किया। इसी क्रम में बी एंड के एरिया के बनासो मंदिर, जल्दी के रास्ते के पास से 2.485 टन अवैध कोयला बरामद किया गया तथा करो एक्सकैवेशन के पीछे जंगल एरिया से 1.62 टन अवैध कोयला भी बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 5.835 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।जब्त किए गए अवैध कोयले का वजन कराने के उपरांत उसे सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में उक्त कोयले का भंडारण एवं गतिविधियां खनिज संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में पाई गईं। Mines and Minerals (Development and Regulation) Act, 1957 (MMDR Act) तथा अन्य लागू विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित प्राधिकरण को सूचित किया गया है।इस संयुक्त कार्रवाई में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, सहायक कमांडेंट सार्थक बाबाजी, सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार, संतोष कुमार तिवारी, क्यूआरटी टीम, आसूचनाकर्मी एवं अन्य बल सदस्य उपस्थित रहे। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि खनन क्षेत्र एवं उसके आसपास किसी भी प्रकार के अवैध कोयला भंडारण, खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं।