बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
फुसरो बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने की कवायद तेज, सड़क किनारे के दुकानदारों को सब्जी मंडी में बसाने की तैयारी
बोकारो जिला के फुसरो बाजार को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्य सड़क के किनारे दुकान लगाकर जीविकोपार्जन करने वाले फुटकर दुकानदारों को अब वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। इसी कड़ी में शुक्रवार को बेरमो सीओ संजीत कुमार सिंह और फुसरो नगर परिषद प्रशासन की देखरेख में फुसरो स्थित सब्जी मंडी परिसर में जेसीबी लगाकर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई गई। इसका मुख्य उद्देश्य मंडी परिसर को व्यवस्थित कर वहां अस्थायी दुकानदारों के लिए पर्याप्त जगह तैयार करना है, ताकि मुख्य मार्ग से हटाए गए दुकानदारों को बिना किसी परेशानी के वहां स्थानांतरित किया जा सके। विदित हो कि फुसरो बाजार के मुख्य मार्ग के किनारे पेवर ब्लॉक और नालियों के ऊपर अतिक्रमण होने के कारण शहर में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तो कर रहा है, लेकिन साथ ही दुकानदारों के रोजगार का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। प्रशासन की इस पहल से जहां शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं फुटकर दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित नहीं होगा।किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा, सबको मिलेगी जगह – सीओ बेरमो सीओ संजीत सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी भी व्यवसायी को उजाड़ना नहीं है। हटाए गए सभी दुकानदारों को वैकल्पिक जगह देकर व्यवस्थित रूप से बसाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फुसरो सब्जी मंडी में कई लोगों ने मनमाने ढंग से अतिक्रमण कर जगह घेर रखी थी। ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए अनावश्यक कब्जे वाले स्थान को खाली कराया गया है। फिलहाल मंडी परिसर की साफ-सफाई कर जगह उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही, सीओ ने सड़क किनारे और नालियों पर दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया है कि वे अविलंब अपनी दुकानों को निर्धारित सीमा के पीछे कर लें, अन्यथा प्रशासन सख्त कदम उठाएगा।