पंचायत चुनावों को लेकर धौलपुर पुलिस की अभिनव पहल, अति संवेदनशील मतदान केंद्र नादौली में आयोजित की रात्रि चौपाल
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं संभावित प्रत्याशियों से किया संवाद, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान का दिया संदेश

आगामी पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में चुनावी तैयारियों को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में पुलिस अधिकारी एवं पुलिस टीमें लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। साथ ही, गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं मतदाताओं से संवाद स्थापित कर उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम में धौलपुर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में अभिनव पहल करते हुए अति संवेदनशील मतदान केंद्र नादौली में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। वृताधिकारी वृत्त मनियां खलील अहमद के सुपरविजन एवं थानाधिकारी थाना राजाखेड़ा वीर सिंह, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में आयोजित इस रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदाताओं एवं संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया। रात्रि चौपाल के दौरान वृताधिकारी वृत्त मनियां खलील अहमद ने ग्रामीणों एवं संभावित प्रत्याशियों से संवाद करते हुए उन्हें पंचायत चुनावों के दौरान लागू चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से चुनाव प्रक्रिया में कानून एवं नियमों का पालन करने, आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश की कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता का मत महत्वपूर्ण है। इसलिए किसी भी प्रकार के भय, दबाव अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा गांव में शांतिपूर्ण चुनावी वातावरण बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं। थानाधिकारी थाना राजाखेड़ा वीर सिंह ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे चुनाव के दौरान पुलिस द्वारा की जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है तथा ग्रामीणों की सहभागिता से कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। रात्रि चौपाल के दौरान उपस्थित मतदाताओं एवं संभावित प्रत्याशियों ने भी चुनाव व्यवस्था एवं सुरक्षा से संबंधित अपने सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि चुनावों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि धौलपुर पुलिस द्वारा अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर जनसंपर्क एवं संवाद के माध्यम से आमजन में विश्वास कायम करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक मतदाता सुरक्षित वातावरण में अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सके। पंचायत चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार हैं। सभी मतदाता एवं संभावित प्रत्याशी चुनाव आचार संहिता का पालन करें, आपसी भाईचारा बनाए रखें और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर