बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्णवाल कि रिपोर्ट
सीसीएल ढोरी परियोजना में CISF का शक्ति प्रदर्शन! कारीपानी में 70 जवानों ने किया संयुक्त मॉक ड्रिल, ड्रोन से भी रखी गई नजर
बोकारो जिला के बेरमो प्रखंड क्षेत्र में आज CISF ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। सीसीएल ढोरी परियोजना के कारीपानी एरिया में CISF की सीसीएल करगली इकाई द्वारा भव्य संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। नौकरी, पानी, बिजली और मुआवजे की मांग को लेकर विस्थापितों की स्थिति पर आधारित इस अभ्यास में 70 जवानों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ड्रोन से भी पूरे घटनाक्रम की निगरानी की गई।14 नवंबर 2026, शनिवार को आपात परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से सीसीएल ढोरी परियोजना के NSD चेक पोस्ट, कारीपानी एरिया में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सीसीएल करगली इकाई द्वारा भव्य संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।इस मॉक ड्रिल में विस्थापितों की नौकरी, पानी, बिजली एवं मुआवजे जैसी मांगों को लेकर उत्पन्न होने वाली संभावित स्थिति को सत्य आधारित परिदृश्य के रूप में प्रस्तुत किया गया। अभ्यास के दौरान विभिन्न एजेंसियों ने आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित इस संयुक्त अभ्यास में CISF सीसीएल करगली इकाई की क्विक रिस्पांस टीम (QRT), डॉग स्क्वाड, चंद्रपुरा थाना झारखंड पुलिस, सीसीएल कर्मचारी, अस्पताल की मेडिकल टीम तथा सीसीएल सुरक्षा गार्ड सहित कुल लगभग 70 बल सदस्यों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया मॉक ड्रिल शुरू होने से पूर्व CISF सीसीएल करगली इकाई के सहायक कमांडेंट श्री के. वी. ए. श्रीधर ने सभी प्रतिभागियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे अभ्यास को वास्तविक घटना मानकर निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्रवाई करनी है।अभ्यास के दौरान ड्रोन के माध्यम से भी पूरे घटनाक्रम की निगरानी की गई। इससे आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और विभिन्न टीमों के बीच समन्वय का परीक्षण किया गया। ड्रोन से मिली तस्वीरों से सुरक्षा टीमों को घटनास्थल की सही स्थिति का आकलन करने में मदद मिली।मॉक ड्रिल समाप्त होने के बाद डी-ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान सहायक कमांडेंट श्री के. वी. ए. श्रीधर ने कहा कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपदा अथवा अप्रत्याशित परिस्थिति में सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर प्रभावी ढंग से उससे निपटना है।सहायक कमांडेंट श्री के. वी. ए. श्रीधर ने कहा कि दुर्घटनाएं कभी बताकर नहीं आतीं। इसलिए सुरक्षा बलों एवं मेडिकल टीम को हमेशा सतर्क और त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए। ऐसे अभ्यास से न केवल स्वयं की सुरक्षा करने, बल्कि संकट की घड़ी में दूसरों की सहायता करने का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि CISF का मूल सिद्धांत सुरक्षा एवं संरक्षण है। जान-माल की रक्षा करना बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।इस संयुक्त मॉक ड्रिल में कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह, श्री सार्थक बाबाजी, सहायक कमांडेंट श्री के. वी. ए. श्रीधर, सीसीएल करगली की ड्रोन टीम, सीसीएल ढोरी प्रबंधन एवं अस्पताल की मेडिकल टीम के अलावा CISF के इंस्पेक्टर श्री रवि रंजन, श्री धनंजय कुमार, उप निरीक्षक/कार्य श्री संतोष कुमार तिवारी, श्री एच. के. सिंह सहित CISF के अनेक जवान उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट, सीसीएल करगली की ओर से मॉक ड्रिल में शामिल सभी एजेंसियों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आपसी समन्वय, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के संदेश के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक समापन हुआ। सुरक्षा का संदेश साफ है – संकट चाहे जैसा भी हो, सजगता, समन्वय और तत्परता ही सबसे बड़ी ताकत है।