बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्णवाल कि रिपोर्ट
कथारा में छठ घाटों का निरीक्षण, महाप्रबंधक ने दिया 24 घंटे एंबुलेंस और सुरक्षा का आश्वासन

:लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बोकारो जिला के कथारा क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। आज 14 नवंबर 2026 शनिवार को सीसीएल कथारा के महाप्रबंधक राजीव सिंह ने अधिकारियों और यूनियन नेताओं के साथ कोनार नदी और दामोदर नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था और सीसीएल सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती का आश्वासन दिया।महाप्रबंधक राजीव सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों की टीम ने कोनार नदी और दामोदर नदी के प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया।इस दौरान टीम ने घाटों पर साफ-सफाई,आवागमन के रास्ते, जल स्तर,बैरिकेडिंग, प्रकाश की व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। घाटों पर मौजूद छठ पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की गई और उनकी समस्याएं सुनी गईं।निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक राजीव सिंह के साथ शशांक देव, राहुल सिंह, माधुरी मेटके, मोहम्मद फिदौल समेत कई अधिकारी मौजूद थे। वहीं यूनियन से इकबाल अहमद, समसूल हक, निजाम अंसारी, रामेश्वर मंडल, मिलाजुल आवेदन, मथुरा यादव समेत कई यूनियन नेता भी उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ मिलकर घाटों की व्यवस्थाओं का आकलन किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक राजीव सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था का सबसे बड़ा पर्व है। सीसीएल प्रबंधन की ओर से छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि छठ पूजा के अवसर पर 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके। साथ ही सभी प्रमुख घाटों पर सीसीएल सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे, जो सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में सहयोग करेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि घाटों पर साफ-सफाई,पानी और प्रकाश की उचित व्यवस्था की जाएगी और गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।महाप्रबंधक के इस आश्वासन से छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों में काफी खुशी देखी गई। लोगों का कहना है कि सीसीएल प्रबंधन के इस तरह घाटों पर उतरकर निरीक्षण करने और सुविधा देने से छठ पर्व के दौरान उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।