बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर झारखंड के विकास में भागीदारी निभाएं, राजीव सिंह।

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर झारखंड के विकास में भागीदारी निभाएं, राजीव सिंह।

बोकारो जिला के सीसीएल कथारा क्षेत्र में रविवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती सह झारखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। महाप्रबंधक राजीव सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं। कहा कि झारखंड राज्य का गठन लंबे संघर्ष और अनेक आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। राज्य के विकास और समृद्धि के लिए सभी को मिलकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि सीसीएल कथारा क्षेत्र भी झारखंड के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कोयला उत्पादन के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना प्रबंधन की प्राथमिकता है। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इस अवसर पर एजीएम विनोद कुमार, राहुल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं श्रमिक नेता मिन्हाजुल आबेदीन, मथुरा सिंह यादव, इकबाल अहमद, शम्सुल हक, सचिन कुमार बल, गोविंद एवं प्रदीप बिस्वास सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!