बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
नाना पर जानलेवा हमले के आरोपी नाती गिरफ्तार, पुलिस ने खून लगा हथियार किया बरामद
:नावाडीह पैसे के विवाद में अपने नाना पर जानलेवा हमला करने के मामले में बोकारो जिला के नावाडीह पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त चंदन कुमार उर्फ चंदन तुरी को 23 नवंबर 2026 सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त खून लगा लोहे का घुमावदार हथियार (बैठी) भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 22 नवंबर की सुबह करीब तीन बजे ग्राम अरगामो निवासी हिरण तुरी पर उनके नाती चंदन कुमार उर्फ चंदन तुरी ने हमला किया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस संबंध में वादिनी शांति देवी के लिखित आवेदन पर नावाडीह थाना कांड संख्या 83/2026, दिनांक 22 नवंबर 2026, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले में त्वरित अनुसंधान करते हुए नावाडीह पुलिस ने सोमवार को आरोपी को उसके निवास ग्राम भेंडरा से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब एक वर्ष से अपने नाना-नानी के घर अरगामो में रह रहा था और उनकी देखभाल करता था। नानी के नाम स्वीकृत पीएम आवास के अधूरे निर्माण को पूरा कराने के लिए उसने गांव की कमेटी से 20 हजार रुपये ऋण लिया था, जिसकी मासिक किस्त उसे जमा करनी पड़ती थी। मजदूरी के स्थान से एक हजार रुपये एडवांस लेने की बात को लेकर 21 नवंबर की रात नाना से विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद घटना हुई।पुलिस ने एक लोहे का घुमावदार बैठी, जिस पर खून लगा हुआ था, बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई कीs जा रही है।छापामारी दल में नावाडीह थाना प्रभारी पुअनि अनिल लिंडा, पुअनि महती बायपाई, पुअनि सुबोध कुमार, पुअनि मिथलेश कुमार एवं थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।