बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
सेक्टर-2C के क्वार्टर से मिला एएसआई का शव, दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-2C स्थित क्वार्टर नंबर 045 से पुलिस लाइन में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) इमानुअल बास्की का शव बरामद किया गया। क्वार्टर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में एएसआई का शव पड़ा हुआ था।मृतक इमानुअल बास्की मूल रूप से गोड्डा जिले के रहने वाले थे और बोकारो पुलिस लाइन में तैनात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी ने बताया कि पड़ोसियों की ओर से क्वार्टर से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद कमरे के अंदर एएसआई का शव मिला। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एएसआई की मौत की खबर से पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है।