बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
कथारा ओपी परिसर में सुरक्षा जवानों की भर्ती, 10 स्थानीय युवकों का हुआ चयन।
बोकारो जिला के कथारा ओपी परिसर में 23 नवंबर 2026 सोमवार को कैपस्टोन सर्विसेज लिमिटेड की ओर से सुरक्षा जवानों की भर्ती अभियान चलाया गया। धनबाद से पहुंचे कंपनी के साइट इंचार्ज राजेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में दर्जनों स्थानीय युवकों ने हिस्सा लिया और अपने शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र जमा कर नौकरी के प्रति रुचि दिखाई। साइट इंचार्ज ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक 10 युवकों का चयन किया जा चुका था। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पासारा ( प्राइवेट सिक्युरिटी एजेंसी रेगुलेशन एक्ट-2005) के तहत कंपनी की ओर से झारखंड के विभिन्न जिलों में सुरक्षा जवानों एवं सुपरवाइजरों की नियुक्ति की जा रही है। चयनित सुरक्षा जवानों को एक माह के प्रशिक्षण के लिए हैदराबाद भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनकी नियुक्ति झारखंड में ही विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कंपनियों, अस्पतालों, बैंकों एवं अन्य संस्थानों में की जाएगी। भर्ती संबंधी सूचना के अनुसार, सुरक्षा जवान के लिए दसवीं पास, 18 से 27 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 165 सेंटीमीटर लंबाई निर्धारित की गई है। वहीं सुपरवाइजर पद के लिए स्नातक, एनसीसी प्रमाणपत्र, 30 से 37 वर्ष आयु एवं 170 सेंटीमीटर लंबाई अनिवार्य है। सुरक्षा जवान को 18,500 रुपये तथा सुपरवाइजर को 19,500 से 22,500 रुपये प्रतिमाह वेतन देने का प्रावधान है। इसके अलावा पीएफ, ईएसआई, मेडिकल सुविधा, सालाना वेतन वृद्धि, दस लाख रुपये तक जीवन बीमा सहित अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी। कंपनी की ओर से बताया गया कि भर्ती अभियान के तहत बोकारो जिले के विभिन्न थाना परिसरों में भी शिविर लगाए जा रहे हैं।