भाटपाररानी में कल्याणकारी शिविर आयोजित, लाभार्थियों को वितरित किए गए स्वीकृति प्रमाण पत्र
देवरिया 26 नवंबर

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कल्याण सेक्टर के अंतर्गत जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला समाज कल्याण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण, जिला प्रोबेशन एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से तहसील भाटपाररानी सभागार में ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ की भावना के साथ कल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित करना रहा। कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री आनंद पीयूष उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि की उपस्थिति में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के तहत 10 लाभार्थियों को तथा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 30 छात्र-छात्राओं को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में पहुंचे दिव्यांगजन विभाग के पांच लाभार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया।
इस अवसर पर आनंद पीयूष उपाध्याय ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गरीब, पिछड़े, जरूरतमंद एवं बेसहारा लोगों के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है। उन्होंने पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अपने स्तर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अंत में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अविनाश मणि त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर का समापन किया।