तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में जानलेवा हमला करने वाले व्यक्ति को तीन वर्ष की सजा

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में जानलेवा हमला करने वाले व्यक्ति को तीन वर्ष की सजा

बोकारो जिला के तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय नीरज कुमार की अदालत ने जानलेवा हमला करने के मामले में एक व्यक्ति को तीन वर्ष की सजा सुनाई है।मामला कसमार थाना क्षेत्र के टांगटोना गांव का है। इस संबंध में टांगटोना निवासी सरिता कुमारी ने कसमार थाने में बयान दर्ज कराया था कि दिनांक 01.06.2022 को उनके पति संजय कुमार अपने मकान की मरम्मत का कार्य करा रहे थे। वह दरवाजे पर खड़ी होकर कार्य देख रही थीं। तभी पड़ोसी सुदीप महतो, उसकी पत्नी प्रमिला देवी और भाई राजेश महतो गाली-गलौज करते हुए आए और मकान का कार्य करने से मना करने लगे।जब सरिता के पति ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो सुदीप महतो छत पर चढ़ गए और उनके पति के साथ हाथापाई करने लगे। आरोप है कि जान मारने की नीयत से सुदीप महतो ने उनके पति को छत से नीचे पीसीसी सड़क पर धकेल दिया, जिससे उनका सिर फट गया। इसके बाद दोनों भाई नीचे आकर छाती पर चढ़ गए और हाथ-पैर से कुचलने लगे। इस दौरान प्रमिला देवी कह रही थी कि जान से मार दो, छोड़ना नहीं। इससे उनकी हालत और नाजुक हो गई।
सूचिका के रोने-चिल्लाने पर आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद घायल को एंबुलेंस से कसमार अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रांची रेफर कर दिया।इस बयान के आधार पर कसमार थाना कांड संख्या 48/22 दर्ज किया गया था। आरोप पत्र समर्पित होने के बाद सत्र वाद संख्या 93/2023 जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय नीरज कुमार के न्यायालय में आया। न्यायालय में उपलब्ध साक्ष्यों एवं दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सुदीप महतो को तीन वर्ष की सजा सुनाई।सजा सुनाए जाने के बाद बचाव पक्ष के अधिवक्ता रितेश कुमार जायसवाल द्वारा सजा के विरुद्ध उच्च न्यायालय में अपील दाखिल करने हेतु आवेदन दिया गया, जिसके बाद सुदीप महतो को जमानत पर छोड़ा गया। वहीं साक्ष्य के अभाव में राजेश महतो एवं प्रमिला देवी को बरी कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!