बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, सघन चेकिंग से कोयला माफियाओं में दहशत, 1.43 टन अवैध कोयला जब्त
बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सीआईएसएफ लगातार कार्रवाई कर रही है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देशन में बीएंडके एवं खोरी एरिया से सड़क मार्ग के माध्यम से कोयला ढुलाई के लिए जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इसी अभियान के दौरान अमलो चेक पोस्ट के सामने हनुमान मंदिर के पीछे छापेमारी कर 1.43 टन अवैध कोयला जब्त किया गया है।
अभियान के तहत खोरी एरिया के दीनदयाल चौक, हिंदुस्तान पुल एवं कल्याणी तथा बीएंडके एरिया के कारों मोड़ एवं डीडी माइंस के सामने सीआईएसएफ के बल सदस्यों द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।इस कार्रवाई के दौरान सहायक कमांडेंट ओंकार सार्थक बाबाजी, इंस्पेक्टर रवि रंजन,सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र प्रसाद,अमित कुमार,संतोष तिवारी,क्यूआरटी टीम एवं आसूचना कर्मियों सहित सीआईएसएफ के अन्य जवान मौजूद रहे।इसी अभियान के दौरान अमलो चेक पोस्ट के सामने हनुमान मंदिर के पास छापेमारी कर 1.43 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त कारीपानी गोल्ड डंप एरिया में भी छापेमारी कर लगभग 800 किलो कोयला बरामद किया गया। अवैध कोयले को वजन कराने के उपरांत सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया। सीआईएसएफ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि माइंस क्षेत्र एवं उसके आसपास किसी भी प्रकार के अवैध कोयला भंडारण, खनन एवं परिवहन पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं।
उक्त कार्रवाई एमएमडीआर एक्ट 1957 में किए गए संशोधन के बाद लगातार चलाए जा रहे अभियानों का हिस्सा है। लगातार हो रही इस कार्रवाई से अवैध कोयला ढुलाई में संलिप्त माफियाओं में भय का माहौल व्याप्त है। सीआईएसएफ ने कहा है कि अवैध कोयला गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सघन जांच, निगरानी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।