प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 20.07.2022
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, ललितपुर
—————————————————
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या ने ग्राम लखनपुरा में जन चौपाल लगाकर सुनी महिलाओं की समस्याएं
महिलाओं को उनके अधिकार एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

देश के विकास में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रही है महिलाएं : डॉ0 कंचन जायसवाल।
—————————————————
आज दिनांक 20 जुलाई 2022 को मा0 सदस्या, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग डॉ0 कंचन जायसवाल की अध्यक्षता में उच्च प्राथमिक विद्यालय ग्राम लखनपुरा (जखौरा) में जनचौपाल का आयोजन किया गया।
इस दौरान महिला ग्राम प्रधान द्वारा माननीय सदस्या का पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया, इसके उपरांत उन्होंने मां सरस्वती जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर जन चौपाल का शुभारंभ किया।
जनचौपाल में काफी संख्या में महिलाएं एवं अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे। मौके पर मा0 सदस्या ने उपस्थित महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं आप सभी महिलाएं इन योजनाओं का लाभ अवश्य लें। सरकार की योजनाओं को गांवों में घर-घर पहुचांने का कार्य आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के द्वारा किया जा रहा है। सरकार ने महिलाओं को विशेष सम्मान एवं प्राथमिकता देने के लिए राशनकार्ड पर मुख्य सदस्य (मुखिया) के रुप में नाम दर्ज कराने का कार्य किया है। सरकार द्वारा महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिदिन नये-नये प्रयास किये जा रहे हैं। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से महिलाओं को उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करने के लिए पोषाहार वितरण का कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग द्वारा निराश्रित एवं वृद्ध महिलाओं को पेंशन देने का कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक महिला सरकार की किसी न किसी योजना का लाभ अवश्य पा रही है। महिलाएं इस प्रकार के आयोजनों में अपनी बात निर्भय होकर कह सकती हैं। हमारे देश के विकास में महिलाएं वर्तमान समय में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अपने बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यालय अवश्य भेजें, क्योंकि शिक्षा ही एक ऐसा शस्त्र है जो हमें समाज की हर बुराई से लड़ने की शक्ति प्रदान करती है।
इसके उपरांत उन्होंने महिलाओं की समस्या को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी नंदलाल सिंह, महिला पुलिस अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
—————————————————
सूचना विभाग ललितपुर द्वारा प्रसारित