- भरतपुर 1सितंबर
- बयाना में धर्म परिवर्तन की सूचना पर मचा बवाल, मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी

भरतपुर. जिले के बयाना कस्बा में धर्म परिवर्तन की सूचना पर बवाल खड़ा हो गया। यहां एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हिन्दू संगठनों को जब इसकी सूचना हुई तो उनके कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्राथना सभा के नाम पर लोगों का धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध जताने लगे। तनाव बढ़त देख पुलिस मौके पर पहुंची और प्रार्थना सभा को रुकवा दिया। डिप्टी एसपी अमर सिंह मीणा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11:30 बजे वो कोतवाली एसएचओ बाबूलाल गुर्जर, सदर थाना एसएचओ बलराम यादव, एसआई करतार सिंह जाप्ते के साथ भीमनगर स्थित कैलाश कोली के मकान पर पहुंचे। जहां पुलिस को करीब 250 महिला-पुरुष घर के हॉल में बैठकर प्रार्थना करते मिले। पुलिस ने बिना अनुमति चल रहे केंद्र को बंद कराने की कोशिश की तो महिला अनुयायियों ने विरोध कर दिया। इस दौरान आसपास के काफी लोगों की भीड़ में मौके पर जमा हो गई। करीब 1 घंटे तक चले विरोध के बाद पुलिस केंद्र संचालक अशोक कोली को पूछताछ के लिए थाने ले आई है। पुलिस जब केंद्र संचालक को थाने लाने लगी तो महिलाओं ने केंद्र संचालक को ले जाने का विरोध किया और पुलिस की जीप को घेर लिया। हालांकि प्रार्थना सभा में मौजूद महिलाओं का कहना था कि यहां कोई धर्म परिवर्तन जैसा काम नहीं हो रहा है, बल्कि प्रार्थना के जरिए लोगों को शांति मिल रही है। केंद्र संचालक अशोक कोली ने पुलिस को बताया कि वे 10 साल से यह केंद्र चला रहे हैं। जिसमें जीवन से दुखी लोगों को धार्मिक शिक्षा और प्रार्थना के जरिए शारीरिक और मानसिक शांति मिलती है। यहां धर्म परिवर्तन जैसी कोई बात नहीं होती है। डिप्टी एसपी अमर सिंह मीणा ने बताया कि धर्मांतरण की सूचना पर केंद्र पर जांच की है। केंद्र संचालक से पूछताछ की जा रही है। केंद्र संचालक को परमिशन लेने के लिए पाबंद किया है।।
भरतपुर से हेमंत दुबे