जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली सेंना भर्ती रैली तैयारी की जिला कलेक्टर ने की समीक्षा

भरतपुर 16 अगस्त

जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली सेंना भर्ती रैली तैयारी की जिला कलेक्टर ने की समीक्षा

भरतपुर. जिला मुख्यालय पर 19 से 26 अगस्त तक प्रस्तावित सेना भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई जिसमें पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, सेना भर्ती निदेशक कर्नल आलोक रंजन सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने कहा कि सेना भर्ती रैली का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित लोहागढ स्टेडियम में किया जायेगा। सेना भर्ती रैली के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं में सम्बंधित विभाग गुणवत्ता के साथ तैयारी पूरी करते हुए समन्वय से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती रैली में 6 जिलों से अभ्यर्थी आयेंगे उन्हें आवागमन, रहवास, भोजन आदि की व्यवस्था में सम्बंधित अधिकारी सेना भर्ती कार्यालय से संवाद रखते हुए समय पर पूरी करें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियोें के आवागमन के लिए रोडवेज पर्याप्त बसों की व्यवस्था रखें जिससे आने जाने में परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए जसवंत प्रदर्शनी मैदान में लगाए जाने वाले रैन बसेरों में समन्वय के साथ उचित व्यवस्था करवाया जाना सुनिश्चित करें। जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सेना भर्ती रैली के अभ्यर्थियों के जिले में प्रवेश से लेकर भर्ती रैली से वापिस जाने तक सुरक्षा व्यवस्था एवं आवागमन की पुख्ता व्यवस्था की जाये। निदेशक सेना भर्ती कार्यालय अलवर कर्नल आलोक रंजन ने बताया कि भर्ती रैली में भरतपुर, डीग, धौलपुर, अलवर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड जिले के युवा भाग लेंगे। प्रतिदिन अलग-अलग तहसीलवार अभ्यर्थियों को कॉल किया गया है। उन्होंने बताया कि रात्रि 12 बजे से लोहागढ़ स्टेडियम में अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाकर बार कोडिंग की जांच के बाद प्रातः 3 बजे से दौड एवं अन्य शारीरिक दक्षताओं की जांच के लिए अनुमत किया जायेगा। उन्होंने भर्ती रैली के दौरान जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों से आवश्यक सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर शहर श्वेता यादव, यूआईटी सचिव ऋषभ मण्डल, नगर निगम आयुक्त रिछपाल सिंह बुरडक, एएसपी डॉ. लालचंद कायल सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी एवं सेना भर्ती कार्यालय अलवर के अधिकारी उपस्थित रहे।।

भरतपुर से हेमंत दुबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!