बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
इजराइल अंसारी की 11वीं पुण्यतिथि पर अजमत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस आयोजित।
बोकारो जिले के पूर्व विधायक स्वर्गीय इजराइल अंसारी की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 29 सितंबर 2026 मंगलवार की रात अजमत-ए-वालिदैन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री सह गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद एवं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय इजराइल अंसारी के परिवार की ओर से किया गया था। कॉन्फ्रेंस में विभिन्न स्थानों से आए मौलाना एवं उलेमाओं ने तकरीर पेश करते हुए वालिदैन के सम्मान, उनकी खिदमत और उनके प्रति संतान के दायित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय इजराइल अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के लिए किए गए अच्छे कार्य और लोगों के बीच बनाई गई सेवा की भावना लंबे समय तक याद की जाती है। स्वर्गीय इजराइल अंसारी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में हाजी मीकाई, साकिब अंसारी, जमील अंसारी, मोहम्मद टीपू अंसारी, मोहम्मद रब्बानी, मोहम्मद कलीम, इजराफिल उर्फ बाबानी, जमुना यादव, हाजी कुद्दूस, अकरम वारसी सहित लगभग भारी संख्या में लोग शामिल हुए। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। स्वर्गीय अंसारी के छोटे सुपुत्र साकिब उर्फ पिंटू अंसारी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष उनके पिता की पुण्यतिथि पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वर्गीय इजराइल अंसारी के लिए ईसाले सवाब करना तथा उनके सामाजिक जीवन और लोगों के प्रति उनके योगदान को याद करना है। कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोगों ने भी स्वर्गीय इजराइल अंसारी के साथ बिताए समय और उनके सामाजिक सरोकारों को याद किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। आयोजन को सफल बनाने में परिवार के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।