महिलाओं के विकास एवं उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मा0 राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम..

प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 29.07.2022
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, ललितपुर
—————————————————-
 महिलाओं के विकास एवं उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मा0 राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम

 मा0 राज्यमंत्री ने जनपद के विकास/निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर दिये निर्देश
 निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करायें अधिकारी
 अमृत सरोवरों के किनारे हो सघन वृक्षारोपण
 निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का रखा जाये विशेष ध्यान
—————————————————-
आज दिनांक 29.07.2022 को मा0 राज्य मंत्री, ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उ0प्र0 श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम जी ने ग्राम कड़ेसराकलां (तालबेहट) में बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर लिमिटेड लि0 दुग्ध अवशीतन केन्द्र, अमृत सरोवर एवं जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजना का निरीक्षण किया।
मौके पर मा0 सदर विधायक श्री रामरतन कुशवाहा एवं मा0 जिलाध्यक्ष भाजपा श्री राजकुमार जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दुग्ध अन्वेषण केन्द्र कड़ेसराकला के निरीक्षण के बताया गया कि एनडीडीबी डेयरी सर्विसेस के सहयोग से बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर लिमिटेड लि0 का दुग्ध उत्पादक महिलाओं के द्वारा किया गया था, वर्तमान में तालबेहट क्षेत्र के 20 ग्रामों से दुग्ध संकलन कर झांसी स्थित दुग्ध अवशीतन केन्द्र भेजा जाता है, इस केन्द्र में 10000 ली0 प्रतिदिन दुग्ध को ठण्डा करने की क्षमता है, जिससे तालबेहट क्षेत्र के 70-80 ग्रामों को आच्छादित किया जाता है। निरीक्षण में मा0 राज्यमंत्री ने केन्द्र के सभी संयत्रों को देखा व निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समुदाय आधारित संस्थानों जैसे स्वयं सहायता समूहों के गठन के माध्यम से बुन्देलखण्ड क्षेत्र की महिलाओं के सामाजिक उत्थान का कार्य किया है। यहां पर दुग्ध डेयरी जीविकोत्पार्जन का अच्छा स्त्रोत है जो यहां की महिलाओं के आर्थिक लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र से यहां के अधिक से अधिक ग्रामों को जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
इसके उपरान्त उन्होंने अमृत सरोवर कड़ेसराकला का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान श्रमिकों के माध्यम से तालाब के किनारे पाथवे एवं वृक्षारोपण का कार्य कराया जा रहा था, मौके पर मा0 राज्यमंत्री जी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया, साथ ही निर्देश दिये कि सरोवर के चारो ओर वृहद वृक्षारोपण कराया जाये, साथ ही श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराते हुए इसका निर्माण कार्य समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।
इसके बाद मा0 राज्यमंत्री जी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्राम समूह पेयजल योजना कड़ेसराकला का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने योजना के निर्माण कार्य का गहनता से जायजा लिया। मौके पर बताया गया कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य है कि हर घर जल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हो सके, ताकि दूषित पानी के उपयोग से होने वाली बीमारियों एवं संक्रमण को रोका जा सके साथ ही बुन्देलखण्ड में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। वर्तमान में परियोजना का कार्य चल रहा है जो निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिया जाएगा। यहां पर मा0 राज्यमंत्री जी ने निर्देश दिये कि पेयजल परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करायें, साथ ही निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड की पेयजल समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, इस योजना के संचालित होने से यहां पेयजल की समस्या खत्म हो जाएगी, साथ ही हर घर में शुद्ध पेयजल पहुंचेगा।
मौके पर उन्होंने मा0 जनप्रतिनिधियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षक का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी केएन पाण्डेय, खण्ड विकास अधिकारी तालबेहट, डीसी एनआरएलएम नीरज कुमार श्रीवास्तव, खण्ड विकास अधिकारी तालबेहट संदीप मिश्रा, सहा0 अभि0 जल निगम दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
—————————————————-
सूचना विभाग ललितपुर द्वारा प्रसारित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!