सात दिन पूर्व चोरी गया ट्रक पुलिस ने हरियाणा से किया बरामद

बयाना। बयाना कस्बे के पंचायत समिती चौराहे के पास से सात दिन पूर्व चोरी हुआ 12 चक्का ट्रक कोतवाली पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद जिले के थाना सूरजकुंड के अडंगपुर से बरामद कर बडी सफलता हासिल की है। करीब 10 लाख रूप्ए की स्क्रेप से भरा यह ट्रक गत 16-17 जुलाई की मध्य रात्रि को चोरी हुआ था। जिसके चोरी होने की रिपोर्ट ट्रक मालिक करतार सिंह गुर्जर की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई थी। ट्रक चोरी की वारदात के बाद अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र वर्मा व पुलिस उपाधीक्षक अजयशर्मा की ओर से कोतवाली प्रभारी हरिनारायण मीणा के सुपरवीजन व सहायक उपनिरीक्षक दामोदरलाल शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। कोतवाली प्रभारी हरिनारायण मीणा ने बताया कि चोरी गए ट्रक की तलाश के लिए पुलिस की ओर से बयाना से लेकर हरियाणा तक के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की सर्चिंग करने के पश्चात इस ट्रक का सुराग लगाने सफलता हासिल की थी। पुलिस टीम में कांस्टेबल यतेन्द्र शर्मा को भी शामिल किया गया था।पुलिस अब इस ट्रक में भरे स्क्रेप व चोरों का सुराग लगाने में लगी है।