चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
ग्रामीण विद्यार्थियों के सपनों को मिली नई उड़ान: सरगबुंदिया में ‘उम्मीद क्लासेस’ का शुभारंभ

सरगबुंदिया//ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अडाणी फाउंडेशन के सहयोग से “उम्मीद क्लासेस” का शुभारंभ शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, सरगबुंदिया में किया गया। इस परियोजना का संचालन नेक्स्ट स्टेप शिक्षण प्रशिक्षण समिति द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह विद्यार्थियों के उत्साह, ऊर्जा और नई उम्मीदों के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सुमित मित्रा (बिजनेस हेड, अडाणी पावर लिमिटेड) एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने भावपूर्ण सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी तथा छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत “अरपा पैरी के धार” सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के वातावरण से भर दिया तथा कार्यक्रम का आरंभ अत्यंत गरिमामय और प्रेरणादायक बना।
कार्यक्रम में श्री सुमित मित्रा (बिजनेस हेड, KPL), श्री विकास ठाकुर जी (हेड – लैंड एंड लाइज़निंग), श्री पवार सिंह सिदार जी (उप सरपंच, सरगबुंदिया), डॉ. राकेश श्रीवास्तव (प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, सरगबुंदिया), श्री मयूर पारिक (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति), श्री दिलभरत राठौर , श्री गुप्ता (LIC MDRT) तथा श्री विजय केवट सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री सुमित मित्रा ने विद्यार्थियों से कहा कि “जीवन में सफलता का सबसे बड़ा आधार समय का सही प्रबंधन है। यदि विद्यार्थी नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।” उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
श्री विकास ठाकुर ने कहा कि “उम्मीद क्लासेस” केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके। उन्होंने विद्यार्थियों से अभी से जेईई, नीट एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रारंभ करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले एक वर्ष से विद्यालय में इस प्रकार की शैक्षणिक पहल प्रारंभ करने का प्रयास कर रहे थे। आज यह सपना साकार होने से विद्यालय के विद्यार्थियों को अपने ही परिसर में बेहतर मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त अध्ययन का अवसर मिलेगा, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगा।
उप सरपंच श्री पवार सिंह सिदार ने अडाणी फाउंडेशन एवं नेक्स्ट स्टेप शिक्षण प्रशिक्षण समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल निश्चित रूप से ग्रामीण विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगी। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उसका भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न अतिथियों से पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को स्टेशनरी किट वितरित की गई तथा कार्यक्रम के समापन पर अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
नेक्स्ट स्टेप शिक्षण प्रशिक्षण समिति की ओर से संस्था के श्री आदित्य यादव ने अडाणी फाउंडेशन, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित मूल्यांकन, व्यक्तिगत मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में “उम्मीद क्लासेस” सरगबुंदिया के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परिणामों के माध्यम से पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनेगी।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद किया और विश्वास व्यक्त किया कि “उम्मीद क्लासेस” शिक्षा के क्षेत्र में सरगबुंदिया के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगी तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।