जिला जनसंपर्क कार्यालय छिंदवाड़ा, म.प्र.
ब्रेकिंग न्यूज़
जिला ब्यूरो चीफ साहिल
मोबाइल नम्बर 7999509427
समाचार
गणेश उत्सव एवं अन्य पर्व मनाए जाने के संबंध में
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न
शांति और सद्भावनापूर्वक मनाये जायेंगे आगामी सभी पर्व
छिन्दवाड़ा/26 अगस्त 2022/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में गणेश उत्सव एवं पोला पर्व सहित आगामी सभी पर्वों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सदस्यों से आगामी पर्वों के संबंध में चर्चा करते हुए विभिन्न सुझाव लिए गए और सभी पर्व शांति और सद्भावनापूर्वक मनाने की अपील की गई। कलेक्टर श्री सुमन ने अपील की है कि जिले की परंपरानुसार एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में आगामी सभी पर्व मनायें। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विवेक अग्रवाल ने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरे समय सेवा में तत्पर रहेगा, लेकिन व्यक्तिगत सुरक्षा का ध्यान रखते हुए और पूर्व सूचना देकर अनुमति उपरांत ही चल समारोह आदि का आयोजन किया जाए। बेहतर व्यवस्था के लिए उन्होंने उत्सव समितियों से अपने स्तर से वॉलंटियर्स नियुक्त कर उन्हे आईडी कार्ड भी प्रदाय करने की अपील की। बैठक में जिला पंचायत छिंदवाड़ा के अध्यक्ष श्री संजय पुन्हार, नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके, अतिरिक्त कलेक्टर श्री ओ.पी.सनोडिया, एएसपी श्री संजीव उईके, एसडीएम श्री अतुल सिंह, सीएसपी श्रीमती प्रियंका पांडे, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह व डीएसपी यातायात श्री सुदेश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और नगर निगम के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह मागो व श्री रमेश पोफली सहित शांति समिति के अन्य सदस्यगण और विभिन्न उत्सव समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि पोला उत्सव 26 और 27 अगस्त को और गणेश उत्सव का कार्यक्रम 31 अगस्त से प्रारंभ होकर 9 सितंबर गणेश विसर्जन तक चलेगा। गणेश उत्सव में नगर के साथ-साथ आस-पास के ग्रामों से भी काफी संख्या में लोग गणेश प्रतिमाओं और झांकियों को देखने नगर क्षेत्र में आते हैं। पोला उत्सव शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मनाया जाता है। नगर निगम क्षेत्र छिंदवाड़ा में स्थानीय पोला ग्राउंड में बैलों को तैयार कर और सजाकर लाया जाता है। जैन समाज का पर्यूषण पर्व 31 अगस्त से 9 सितंबर तक मनाया जाता है। 30 अगस्त को रात्रि में महिलाओं द्वारा तीज व्रत रखा जाएगा और अगले दिन सुबह बड़ी संख्या में तीज विसर्जन किया जाता है। ऋषि पंचमी के दिन बरारीपुरा, गुरैया, गणेश चौक में कढ़ाई का कार्यक्रम आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रध्दालु प्रसाद लेने के लिए उपस्थित होते हैं।
बैठक में सदस्यों से अनुरोध किया गया कि सुरक्षा के दृष्टिगत प्रयास करें कि भगवान गणेश की मूर्ति अधिक उँचाई की निर्मित ना हो। मूर्तियों/प्रतिमाओं के निर्माण में परम्परागत मिट्टी का ही उपयोग किया जाये, पकी हुई मिट्टी पी.ओ.पी. (प्लास्टर आफ पेरिस) या किसी प्रकार के केमिकल एवं रासायनिक वस्तुओं का उपयोग मूर्ति निर्माण में नहीं किया जाये। साथ ही पूजन सामग्री जैसे फल-फूल, नारियल, वस्त्र आभूषण, सजावट के सामान जिनमें कागज एवं प्लास्टिक से निर्मित वस्तुएं शामिल हैं, को मूर्ति/प्रतिमाओं के विसर्जन के पूर्व निकालकर उन्हें अलग-अलग एकत्रित किया जाये । लाउड स्पीकर बजाने के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय व्दारा जारी की गई गाईड लाईन का पालन किया जाना अनिवार्य होगा । रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउड स्पीकर बजाया जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित समय में डीजे, स्पीकर के लिए अनुमति संबंधित एसडीएम कार्यालय से प्राप्त करनी होगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि मूर्ति विसर्जन मार्ग पोला ग्राउण्ड, फव्वारा चौक, गोल गंज, छोटा बाजार, चार फाटक, साकेत होटल छोटा तालाब, बरारीपुरा, छापाखाना में साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था एवं मार्ग के गड्ढों की मरम्मत करायें । विद्युत विभाग मार्ग के झूलते तारों को ठीक कराएं और लाइट कनेक्शन की व्यवस्था करें। गणेश विसर्जन 9 सितंबर से प्रारंभ होकर 10 सितंबर की रात्रि तक निर्धारित स्थलों पर किया जायेगा । विसर्जन स्थल छोटा तालाब, नागपुर रोड की कुलबेहरा नदी, शिकारपुर की कुलबेहरा नदी, गांगीवाड़ा के पास कुलबेहरा नदी, सिंगोड़ी की पेंच नदी में पुलिस व्यवस्था, क्रेन की व्यवस्था, गोताखोर व्यवस्था तथा नाव की व्यवस्था कराएं एवं साफ सफाई की जाये। नगर निरीक्षक गोताखोरों की एक बैठक लेकर व्यवस्था बनायें । विसर्जन स्थल पर मछुआरों द्वारा अस्थाई रूप से लकडियों के रैम्प (प्लेटफार्म) बनवाये जायें। छोटे तालाब में गंदे पानी का प्रवेश बंद कराया जाये । विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई करायें । विसर्जन स्थल पर बेरियर होमगार्ड की तैनाती की जाये । इसी प्रकार की व्यवस्था जिले के समस्त राजस्व अनुविभागीय अधिकारी अपने स्तर से सुनिश्चित करायें। गणेश उत्सव पर्व के दौरान मोबाईल एम्बुलेंस/फायर ब्रिगेड एवं पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की जाये । आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था रखना सुनिश्चित किया जाये । साथ ही सभी को यह निर्देशित किया गया कि छोटी मूर्तियों का विसर्जन घर पर ही किया जाये ताकि पानी का दुरूपयोग न हो ।
तीजा पर्व में पूजा व तीजा विसर्जन का कार्यक्रम होता है। आमजन/महिलाओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुये लगातार पुलिस पेट्रोलिंग और विसर्जन स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के निर्देश दिये गए।
क्रमांक/257/2407/22