जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का बिगुल, 26 मई को सलेमपुर तहसील में होगा जोरदार प्रदर्शन
सलेमपुर, देवरिया। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिजली संकट जैसे मुद्दों पर तीखा हमला बोला है। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनता से बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आई सरकार अब हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
पार्टी नेताओं ने घोषणा की कि आगामी 26 मई को सलेमपुर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा तथा राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव के समय दो करोड़ रोजगार देने, काला धन वापस लाने और प्रत्येक खाते में 15 लाख रुपये भेजने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन आज देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है और आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। वहीं भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को सरकार की बड़ी विफलता बताया। उनका कहना था कि युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है और लोकतंत्र की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र बनाया जाएगा।
संदीप कुमार मद्धेशिया की रिपोर्ट