अदाणी कंपनी के भारी वाहनों पर भड़के विधायक प्रतिनिधि, सौंपा ज्ञापन

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

अदाणी कंपनी के भारी वाहनों पर भड़के विधायक प्रतिनिधि, सौंपा ज्ञापन

अदाणी कंपनी के ट्रकों से सर्विस रोड पर जाम, विधायक प्रतिनिधि रोशन खाण्डे ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

 

कोरबा// जिले में अदाणी कंपनी के कोयला और राखड़ परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। रामपुर विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोरबा (ग्रामीण) के कोषाध्यक्ष रोशन कुमार खाण्डे ने कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि कंपनी के भारी वाहन नेशनल हाईवे के सर्विस रोड पर कब्जा जमाए बैठे हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

ज्ञापन के अनुसार उरगा भारतमाला मार्ग से लेकर अदाणी कंपनी के गेट नंबर-2 तक सर्विस रोड में दोनों ओर बड़ी संख्या में ट्रक और ट्रेलर खड़े रहते हैं। खोड्डल, दर्राभांठा, बरीडीह और पताढ़ी सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों के लिए यही मार्ग आवागमन का प्रमुख साधन है, लेकिन सड़क पर ट्रकों की लंबी कतारें लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं।

रोशन खाण्डे ने आरोप लगाया है कि एक ओर जहां ग्रामीणों को सड़क पर चलने तक की जगह नहीं मिल रही, वहीं दूसरी ओर कंपनी के वाहन खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आते हैं। ओवरब्रिज के नीचे तक वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग होने से सड़क पार करना जोखिम भरा हो गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जब कंपनी के पास अपना विशाल प्लांट परिसर मौजूद है तो फिर सर्विस रोड को ही पार्किंग स्थल क्यों बना दिया गया है? भारी वाहनों की कतारों पर जिम्मेदार विभागों की नजर क्यों नहीं पड़ रही?

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि कंपनी को तत्काल निर्देश देकर सर्विस रोड से भारी वाहनों को हटाया जाए, वाहनों की पार्किंग प्लांट परिसर के अंदर कराई जाए तथा कोयला और राखड़ परिवहन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अब नजर जिला प्रशासन पर है कि वह इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है या फिर ग्रामीणों की परेशानी यूं ही ट्रकों के पहियों तले दबती रहती है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, एसडीएम एवं थाना प्रभारी उरगा को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!