सीएल के जीएम एक्सवेशन और जीएम सिविल ने किया कथारा क्षेत्र का निरीक्षण

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

सीएल के जीएम एक्सवेशन और जीएम सिविल ने किया कथारा क्षेत्र का निरीक्षण, आरआर शाप परियोजना और कॉलोनियों की सुविधाओं का लिया जायजा

 

सीसीएल मुख्यालय रांची के महाप्रबंधक एक्सवेशन प्रवीण कुमार और जीएम सिविल राजेश मोहन ने 8 जुलाई बुधवार को कथारा क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरआर शाप परियोजना के साथ-साथ स्वांग वन बी और स्वांग वन सी परियोजना का भी जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परियोजनाओं को सुदृढ़ करना और पानी,सड़क व श्रमिक कॉलोनियों में समुचित सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परियोजना के प्रत्येक स्थानों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से सीधी बातचीत की। जीएम एक्सवेशन प्रवीण कुमार ने जानकारी ली कि आरआर शाप की शत-प्रतिशत उपयोगिता होने पर क्षेत्र की कितनी परियोजनाओं की मशीनों की मरम्मत और अन्य जरूरतें पूरी हो सकती हैं। इस दौरान क्षेत्र के महाप्रबंधक एकेबी सिंह, विभागाध्यक्ष एक्सवेशन अभिजीत दत्ता और पीओ रणबीर रंजन के साथ विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण में श्रमिक नेता विजय कुमार सिंह और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य इकबाल अहमद, मथुरा सिंह यादव भी उपस्थित थे।इससे पूर्व कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय में लंबी बैठक हुई। गौरतलब है कि आरआर शाप की उपयोगिता, बिजली, पानी, सड़क, श्रमिक कॉलोनी की व्यवस्था और अग्निशमन गाड़ी की अनुपलब्धता के मुद्दे को लेकर श्रमिक नेता विजय कुमार सिंह ने सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह से मुलाकात की थी। सीएमडी के निर्देश पर ही जीएम सिविल, जीएम एक्सवेशन, जीएम विद्युत एवं यांत्रिक और जीएम सेफ्टी की टीम रिपोर्ट सौंपने कथारा पहुंची थी।जीएम सिविल राजेश मोहन ने स्वांग वन बी कॉलोनी की सड़क का अवलोकन किया और विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों से सीधी बातचीत की। इसके साथ ही कथारा चार नंबर स्थित पानी टंकी का भी निरीक्षण किया। क्षेत्रीय जीएम एकेबी सिंह ने अधिकारियों को पानी टंकी की नई पाइपलाइन, शौचालय और ट्रांसफार्मर रूम के शेड को ठीक कराने का निर्देश दिया।इस अवसर पर मुख्यालय के असैनिक विभाग के वरीय प्रबंधक देवाशीष बासा,श्रमिक नेता धनंजय सिंह, असैनिक अधिकारी मो. फिरदौस,ओवरसियर सुजीत कुमार,कृष्ण मोहन,अजय मंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!