बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
एमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई: 9.562 टन अवैध कोयला और 07 मोटरसाइकिलें जब्त,कोयला तस्करों में दहशत

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन के विरुद्ध सीआईएसएफ का लगातार अभियान जारी है। एमएमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ इकाई सीसीएल करगली ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुलाई बुधवार को 9.562 टन अवैध कोयला और 07 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर की गई।सीआईएसएफ द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अवैध कोयला परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन गश्ती एवं विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बी. एंड के. एरिया से मिली खुफिया सूचना के आधार पर 37 नंबर कोल डंप क्षेत्र में व्यापक छापेमारी की गई।कार्रवाई के दौरान कोयला चोरी में प्रयुक्त 05 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। वहीं करगली-फुसरो मार्ग पर अवैध कोयला लेकर भाग रहे तस्करों का पीछा कर 02 अन्य मोटरसाइकिलें भी पकड़ी गईं। इस प्रकार कुल 07 मोटरसाइकिलें और उन पर लदा 5.437 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। जब्त मोटरसाइकिलों का नंबर JH 09G 1934, JH 09BB 5684, JH 09P 9130, JH 11J 6143, JH 09C 5395 है। दो बाइकों पर नंबर नहीं था। सभी सामान बेरमो थाना अंतर्गत गांधीनगर ओपी को सौंपे गए।अभियान के दौरान दीनदयाल चौक से 1.240 टन और भंडारीदाह रेलवे साइडिंग से 2.885 टन अवैध कोयला भी जब्त किया गया। कुल 4.125 टन कोयला सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द किया गया। इस तरह कुल जब्त अवैध कोयले की मात्रा 9.562 टन हो गई। सभी मामलों में एमएमडीआर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय द्वारा सीआईएसएफ को एमएमडीआर अधिनियम के तहत प्राप्त अधिकारों के बाद करगली क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। अब सीआईएसएफ अवैध कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई कर सकती है।सीआईएसएफ ने कहा कि कोयला देश की राष्ट्रीय संपदा है और इसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध खनन और तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना अधिकारियों को दें। इस अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट धनंजय कुमार पाण्डेय ने किया। इसमें निरीक्षक शीला रेगिना टोप्पो, उप निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, संदीप कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक लाल बहादुर राम सहित अन्य जवान शामिल थे।