एमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई: 9.020 टन अवैध कोयला और 08 मोटरसाइकिलें जब्त*

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

एमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई: 9.020 टन अवैध कोयला और 08 मोटरसाइकिलें जब्त

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ ने एमएमडीआर एक्ट के तहत अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ दो जगहों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान कुल 9.020 टन अवैध कोयला और 08 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।सीसीएल करगली के कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में सीआईएसएफ की टीम लगातार रात्रि गश्त और ड्रोन से निगरानी कर रही है। खुफिया इनपुट के आधार पर अलग-अलग टीम बनाकर क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है, जिससे कोयला तस्करों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है।पहली कार्रवाई ढोरी एरिया के भंडारीदाह रेलवे साइडिंग क्षेत्र में की गई। यहां अवैध रूप से मोटरसाइकिल से कोयला तस्करी कर रहे 08 मोटरसाइकिल और उन पर लदा 2.600 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। इनमें से 2 मोटरसाइकिलों पर पंजीयन संख्या थी जबकि 6 बिना नंबर प्लेट की थीं। जब्त सामग्री को कानूनी कार्रवाई के लिए चंद्रपुरा थाना को सुपुर्द किया गया। दूसरी कार्रवाई फुसरो बाजार के रानीबाग एरिया में की गई। यहां अवैध कोयला भंडारण की सटीक सूचना मिलने पर सीआईएसएफ की टीम वाहन और जेसीबी के साथ पहुंची और 6.420 टन अवैध कोयला जब्त कर ले गई।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा सीआईएसएफ को एमएमडीआर एक्ट के तहत मिले नए अधिकारों के बाद करगली क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। अब सीआईएसएफ अवैध कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई कर सकती है। जब्त सभी सामग्री को एमएमडीआर एक्ट की धारा 21 के तहत पुलिस को सौंपकर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।सीआईएसएफ ने कहा कि कोयला देश की राष्ट्रीय संपदा है और इसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध खनन, परिवहन और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अभियान और व्यापक स्तर पर जारी रहेंगे। अभियान का नेतृत्व कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने किया। इसमें उप कमांडेंट गारा अभिलाष, उप निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, अमित कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक परिमल कुमार रॉय सहित अन्य सीआईएसएफ जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!