बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
उपायुक्त के निर्देश पर चंद्रपुरा में छापेमारी, अवैध स्टोन चिप्स लदा मिनी हाइवा जब्त
बोकारो जिला प्रशासन ने अवैध खनिज कारोबार पर नकेल कसने के लिए आज बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त बोकारो के निर्देश पर चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से स्टोन चिप्स का परिवहन कर रहे एक मिनी हाइवा को जब्त किया गया है।जिला खनन विभाग को सूचना मिली थी कि तरंगा मुख्य पथ के पास अवैध रूप से स्टोन चिप्स का प्रेषण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर 10 जुलाई 2026 देर संध्या को खान विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की।छापेमारी के दौरान तरंगा मुख्य पथ के समीप एक मिनी हाइवा को अवैध स्टोन चिप्स लदे हुए पकड़ा गया। वाहन के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। खान विभाग की टीम ने वाहन को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चंद्रपुरा थाना को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब वाहन मालिक और चालक से पूछताछ कर इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है। इस अभियान में खान निरीक्षक श्री अजय कुमार महतो, खान निरीक्षक सीता राम टुडू और चंद्रपुरा थाना का पुलिस बल मौजूद था।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी और छापेमारी के निर्देश दिए हैं।