सावन में कनकी धाम यात्रा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट, सर्वमंगला से कनकी तक रहेगी सघन पेट्रोलिंग

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

सावन में कनकी धाम यात्रा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट, सर्वमंगला से कनकी तक रहेगी सघन पेट्रोलिंग

कोरबा//सावन के पवित्र माह में कनकी धाम पहुंचने वाले हजारों शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उरगा थाना क्षेत्र में यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सर्वमंगला मंदिर से लेकर कनकी मंदिर तक पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ-साथ पुलिस मित्रों की भी सहायता ली गई है। पुलिस मित्र यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे और श्रद्धालुओं की सहायता के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाएंगे।
थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि कोई व्यक्ति परेशान करता है, अभद्र व्यवहार करता है या किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो बिना देर किए तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी भी शिकायत या सहायता के लिए उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल से 9479194640 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष सावन यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले 16 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इस वर्ष भी असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ यात्रा करने की अपील करते हुए विश्वास दिलाया है कि उनकी सुरक्षा के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!