बरपाली में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध चखना दुकानों पर शिकंजा, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी एक्शन

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

बरपाली में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध चखना दुकानों पर शिकंजा, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर भी एक्शन

कोरबा//जिले के बरपाली स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के आसपास अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त रवि शंकर यादव के निर्देश पर की गई, जिसमें अवैध रूप से संचालित चखना दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
अभियान के दौरान अंग्रेजी शराब दुकान के आसपास संचालित पांच अवैध चखना दुकानों पर कार्रवाई की गई। टीम ने दुकान संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में शराब दुकान के आसपास ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाते या अवैध रूप से चखना उपलब्ध कराते पाए गए, तो उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी एवं दंडनीय कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब पी रहे कई लोगों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार, अवैध चखना दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संचालक को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस संयुक्त अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक जया मेहर, थाना उरगा के उपनिरीक्षक राकेश देवांगन, विजेता राजू भगत, वित्त प्रभारी नारायण सिंह कंवर, प्रधान आरक्षक राजीव जायसवाल, संजय गुप्ता, शिव वैष्णव, हेम प्रकाश डरसेना, नव आरक्षक रोचक कुमार देवांगन, भावेश साहू, मनीष यादव, सैनिक कुंदन चंद्रा, पवन राजवाड़े तथा रमाकांत दुबे सहित आबकारी एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में विभाग की सख्ती स्पष्ट रूप से दिखाई दी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की नियमित कार्रवाई से शराब दुकानों के आसपास होने वाली अव्यवस्था और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!