स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव की स्मृति में आर.एल. एकेडमी में 5वीं अभय टैलेंट हंट जीके प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव की स्मृति में आर.एल. एकेडमी में 5वीं अभय टैलेंट हंट जीके प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

 

 

सलेमपुर (देवरिया)। शिक्षा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति आजीवन समर्पित रहे आर.एल. एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संस्थापक प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव की पुण्य स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने तथा उनके शिक्षा दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली “अभय टैलेंट हंट जीके प्रतियोगिता” का 5वाँ संस्करण दिनांक 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव का मानना था कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान का केंद्र न होकर व्यक्तित्व निर्माण, सामान्य ज्ञान, नैतिक मूल्यों एवं प्रतिस्पर्धात्मक सोच का भी केंद्र होना चाहिए। विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि विकसित हो तथा वे प्रारंभिक स्तर से ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्वयं को तैयार करें, इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए उनकी पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

इसी क्रम में इस वर्ष भी आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राम नारायण लाल श्रीवास्तव, विद्यालय की संरक्षिका श्रीमती मधुबाला श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य श्री संजय पांडे, हेडमिस्ट्रेस श्रीमती शगुन मिश्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

यह प्रतियोगिता कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तीन वर्गों—किड्स ग्रुप (कक्षा 3–5), जूनियर ग्रुप (कक्षा 6–8) एवं सीनियर ग्रुप (कक्षा 9–12)—में आयोजित की गई। इस वर्ष प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 1265 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा एवं सामान्य ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को 19 अगस्त, स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव की पुण्यतिथि पर आयोजित विशेष सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को साइकिल, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पेडेस्टल फैन, चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिक प्रेस (आयरन) प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ग के 30-30 विद्यार्थियों को विशेष कंसोलेशन पुरस्कार तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को Certificate of Participation प्रदान किया जाएगा।

विद्यालय की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव की पुण्यतिथि पर आयोजित सम्मान समारोह में सीबीएसई कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रेरित करने की विद्यालय की सतत परंपरा का हिस्सा है।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि “अभय टैलेंट हंट जीके प्रतियोगिता” स्वर्गीय अभय कुमार श्रीवास्तव के शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्टता के सपनों को साकार करने का एक सतत प्रयास है। उनका शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी विद्यालय की प्रत्येक गतिविधि में प्रेरणा का स्रोत है और उनकी स्मृतियाँ विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!