संस्कार भारती द्वारा ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पर्यावरण संरक्षण’ के संकल्प के साथ वृक्षारोपण संपन्न
धौलपुर। कला और संस्कृति को समर्पित अखिल भारतीय संस्था ‘संस्कार भारती’ की धौलपुर इकाई के बैनर तले जिलाध्यक्ष गिरीश गर्ग की प्रेरणा व सहयोग से एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। पर्यावरण की शुद्धि और प्रकृति वंदन के पारंपरिक भाव के साथ जीके सिटी में 220 से अधिक औषधीय, फलदार और छायादार पौधे संस्कार भारती के जिला महामंत्री मुकेश सूतैल, समाजसेवी पप्पू जाट, श्रीकांत त्यागी, फेरन सिंह, विष्णु आदि सहित अन्य लोगों ने रोपे। संस्कार भारती के जिला महामंत्री मुकेश सूतैल और पप्पू जाट ने बताया कि, “हमारी भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता माना गया है। वृक्षों में देवत्व का वास होता है। संस्कार भारती कला और संस्कृति के परिष्कार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी नागरिक संस्कारों का अभिन्न हिस्सा मानती है। यह अभियान कला साधकों और समाज को प्रकृति से जोड़ने का एक पवित्र प्रयास है।” जीके सिटी में पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी पौधे जैसे – कदंब, अशोक, नीम, तुलसी, बेलपत्र और आंवला का रोपण किया गया। संस्था के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनके पूर्ण विकास तक नियमित सिंचन और सुरक्षा का सामूहिक संकल्प भी लिया। ब्यूरो चीफ धौलपुर