राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र को सड़क विकास की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जताया हार्दिक आभार
राजाखेड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार ने बजट वर्ष 2026-27 में राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सड़क निर्माण कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। सरकार की ओर से क्षेत्र में 23 नॉन-पेचेबल सड़क निर्माण कार्यों के लिए 24.85 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 6 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से तथा 6 मिसिंग लिंक सड़क निर्माण कार्यों के लिए 7.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 2 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत किया गया है। इन स्वीकृतियों के बाद क्षेत्र में वर्षों से लंबित कई ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ किसानों को अपनी कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।
राजाखेड़ा विधानसभा प्रत्याशी नीरजा अशोक शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं प्रदेश सरकार का इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतार रही है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय का परिणाम है कि राजस्थान में आधारभूत ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गांवों तक विकास पहुंच रहा है और आमजन को सरकार की योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
नीरजा अशोक शर्मा ने कहा कि राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य केवल आवागमन की सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं कृषि विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भविष्य में भी राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्र को विकास की ऐसी ही नई सौगातें देती रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं राजस्थान सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में राजस्थान निरंतर विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ब्यूरो चीफ धौलपुर